भाजपा ने कराया बहराइच में दंगा- अखिलेश यादव

लखनऊ,जनमुख न्यूज। मैनपुरी की करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के नामांकन में पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को जमकर घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि तेज प्रताप यादव भारी बहुमत से जीतकर जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव में पीडीए से भाजपा घबराई हुई है। अब तो भाजपा पीडीए का नाम लेना भी भूल गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों के विकास को भाजपा ने रोकने का काम किया है।लोकसभा चुनाव की लड़ाई जीतने के बाद भाजपा थोड़ी बहुत रुकी है। भाजपा सारी संस्थाओं से खुद को ऊपर समझती है। अब जमीनों पर कब्जा करने का काम भी कर रही है। बड़ा आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने बहराइच में जानबूझकर दंगा कराया है। वजह भी साफ है कि चुनाव आ गया है। सवालों के जवाब न देने और राजनीतिक लाभ लेने के भारतीय जनता पार्टी ने ये साजिश रची है। वहां पर्याप्त प्रशासन और पुलिस का इंतजाम नहीं किया गया।

