गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या, सास ने शव के टुकड़े कर नाले में फेंका

इस्लामाबाद,जनमुख न्यूज। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला की उसकी सास ने कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद उसने तीन साथियों के साथ मिलकर उसके शव को दर्जनों टुकड़ों में काटा और नाले में फेंक दिया। घटना पिछले सप्ताह लाहौर से लगभग १०० किलोमीटर दूर सियालकोट जिले के दासका में हुई। पुलिस ने बीते दिन इसकी जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक, मामले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसमें मृतक की सास सुघरान बीबी, उसकी बेटी यास्मीन, उसका पोता हमजा और दूर के रिश्तेदार नवीद शामिल हैं। मृतक जारा कादिर (२०) पिछले हफ्ते लापता हो गई थी। बाद में पुलिस को तीन बोरियों में एक महिला की कटी हुई लाश मिली, जिसकी पहचान जारा के रूप में हुई। संदिग्धों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।एक पुलिस अधिकारी की बेटी जारा ने चार साल पहले कादिर अहमद से शादी की थी। उनका एक तीन साल का बेटा है। शादी के बाद वह अपने पति के पास सऊदी अरब चली गई थी। वह वहां काम करता है। वह कुछ महीने पहले पाकिस्तान लौट आई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उमर फारूक ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि संदिग्धों ने जारा की हत्या करने और उसके शव के टुकड़े करने की बात कबूल कर ली है।

