पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड

वाराणसी ,जनमुख न्यूज। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से मैदानी भाग का मौसम तेजी से बदला है। तीन दिनों से धूप न निकलने से ठंड ज्यादा लग रही है। इससे अधिकतम तापमान औसत से ५.८ डिग्री सेल्सियस कम होकर १६.९ तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। दिसंबर के अंतिम सप्ताह से मौसम ने ऐसी करवट ली कि लोग ठंडी से परेशान हो गए हैं। दिन में धूप न होने से लोगों को राहत नहीं मिल रही। तीन दिन से बादलों की आवाजाही के साथ नम हवाएं चलने का भी असर मौसम पर है। मंगलवार को भी इसी तरह का मौसम रहा। सुबह से ही नम हवा चलती रही। दिन में घाटों, शहर के चौराहों से लेकर कॉलोनियों में भी लोग आग जलाकर हाथ सेंकते दिखे। अन्य दिनों की तुलना में मंगलवार को ठंड अधिक रही। अधिकतम तापमान रविवार को २१.८ डिग्री सेल्सियस रहा। जो सोमवार को कम होकर १७.३ और मंगलवार को और घटकर १६.९ डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

