आशा भोसले की अस्थियां काशी में गंगा में विसर्जित, अंतिम इच्छा हुई पूरी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रसिद्ध पार्श्व गायिका Asha Bhosle की अस्थियां सोमवार को वाराणसी में पवित्र गंगा में विधि-विधान से विसर्जित की गईं। उनके पुत्र आनंद भोसले और पौत्री जनाई भोसले मुंबई से अस्थि कलश लेकर काशी पहुंचे और अस्सी घाट से नाव द्वारा मध्य गंगा में जाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।
इस दौरान भावुक माहौल में पौत्री जनाई भोसले ने अश्रुपूरित नेत्रों से अपनी दादी की अस्थियां मां गंगा में प्रवाहित कीं। इसके बाद घाट पर पुरोहितों द्वारा पिंडदान और तर्पण की विधि भी संपन्न कराई गई।
परिवार के अनुसार, आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था। उनके पुत्र आनंद भोसले ने बताया कि निधन से कुछ दिन पहले ही उन्होंने काशी में अस्थि विसर्जन की इच्छा जताई थी।
उन्होंने कहा कि मां का भगवान शिव से गहरा जुड़ाव था और उसी आस्था के चलते उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए काशी में यह अनुष्ठान किया गया। सभी धार्मिक क्रियाएं पूरी करने के बाद परिवार के सदस्य मुंबई लौट गए।

