हापुड़ में धौलाना-गुलावठी मार्ग पर बस-ट्रक की टक्कर

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में धौलाना-गुलावठी रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब शादी समारोह से लौट रही यात्रियों से भरी बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, बस में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। मृतकों में से एक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जो संभवतः बस का ड्राइवर बताया जा रहा है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया है। मृतकों के परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

