प्लॉट के रास्ते को लेकर विवाद, पुलिस हस्तक्षेप के बाद हटाई गई अवैध दीवार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर स्थित एक प्लॉट के रास्ते को लेकर रविवार को विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सीर गोवर्धनपुर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि काशी पुरम कॉलोनी में उनका प्लॉट है। रविवार को वह अपने साथी अधिवक्ता जैलेन्द्र राय के साथ प्लॉट पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरधारी पटेल और उनके सहयोगियों ने प्लॉट तक जाने वाले रास्ते का विरोध किया और आवागमन रोकने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एडीसीपी और एसीपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों को शांत कराया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने हस्तक्षेप किया और शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मौके पर रास्ते में बनाई जा रही कथित अवैध दीवार को भी हटवा दिया, जिससे आवागमन बहाल हो सका।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में जमीन संबंधी विवाद को लेकर पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

