मिर्जापुर में पारिवारिक विवाद बना त्रासदी, महिला ने तीन बच्चों को जहर देकर खुद भी खाया; तीन की मौत, एक बच्ची गंभीर

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना में महिला समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, परसौना गांव निवासी कुसुम (38) ने अपने बच्चों मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर चारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।इलाज के दौरान जिला अस्पताल में कुसुम और राधिका की मौत हो गई। वहीं, मधु और सत्या को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान सत्या ने भी दम तोड़ दिया, जबकि मधु की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मृतका के भाई छोटू ने बताया कि कुसुम का पति धर्मेंद्र दिल्ली में काम करता है और चार दिन पहले घर आया था। कुसुम को शक था कि उसने दूसरी शादी कर ली है। इसी विवाद को लेकर 12 जुलाई को मायके शीतलगढ़ में पूर्व ग्राम प्रधान के घर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। तय हुआ था कि 13 जुलाई को धर्मेंद्र कुसुम को अपने साथ ले जाएगा, लेकिन वह बिना विदा कराए वापस चला गया।
परिजनों का आरोप है कि इसी बात से आहत होकर कुसुम ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

