डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव की 16 वर्षीय छात्रा की मंगलवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। सरैया विशुनपुरा क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।मृतका की पहचान बार्थरा कला निवासी राजेश कुमार की पुत्री रोशनी के रूप में हुई है। रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। बताया गया कि बिशनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंचते ही वह डंपर की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने डंपर को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। परिजनों का आरोप है कि हादसे की सूचना मिलने के बाद विद्यालय की ओर से कोई मौके पर नहीं पहुंचा।इससे नाराज परिजन शव लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने पहुंच गए और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।रोशनी चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

