होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर

गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद को गाजीपुर पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और करंडा थाना पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र के हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी कमलेश बिंद पौहारी बाबा मठ पुलिया के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी और मोटरसाइकिल से गंगा किनारे की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुर्था गांव के समीप एक ट्यूबवेल के पास उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने फिर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में उसके सीने में गोली लग गई।
मुठभेड़ के दौरान स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए, जबकि करंडा थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी एक गोली लगी। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, चार खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मृतक कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद, कोतवाली क्षेत्र के गौशाबाद का निवासी था और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध शस्त्र रखने सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। विनीत राय हत्याकांड में उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

