केदार घाट मंदिर चोरी कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट स्थित श्री हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कुछ सामान और नकदी भी बरामद की है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल 2026 की रात मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। चोर मंदिर से चांदी का हार, चांदी के आभूषण, पीतल का लोटा और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
मामले के खुलासे के लिए चौकी प्रभारी और क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।जांच के दौरान मुख्य आरोपी राजू खान को गिरफ्तार किया गया, जो लंका थाना क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में पता चला कि उसके खिलाफ पहले से भी चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं और उसका आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गया चांदी का हार, अन्य आभूषणों का कुछ हिस्सा और नकद धनराशि बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का सामान दो व्यापारियों को बेचा गया था। पुलिस ने उन दोनों व्यापारियों को भी चोरी का माल खरीदने और आरोपी की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस चोरी के बाकी सामान की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

