सर्राफा व्यापारी से 5 लाख की लूट का खुलासा, आठ आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में मुख्य बदमाश घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कमिश्नरेट पुलिस ने चेतगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई पांच लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने लूट की पूरी रकम भी बरामद कर ली। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल की सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था।
आरोपी प्रद्युम्न यादव ने अपने साथी गोविंद के माध्यम से, जबकि आशीष मौर्य ने मुख्य आरोपी आकाश सेठ को पीड़ित की गतिविधियों और आने-जाने के समय की जानकारी उपलब्ध कराई थी। इसी रेकी के आधार पर लूट की साजिश रची गई।पुलिस के मुताबिक, 27 जून 2026 को पीड़ित अपने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए उधार लिए गए करीब पांच लाख रुपये लेकर अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास तीन-चार बदमाशों ने उसकी स्कूटी रोक ली और आगे रखे नकदी से भरे बैग को लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य पहलुओं और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

