हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत

हमीरपुर, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के Hamirpur में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिसमें मलबे में दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी से कुरारा के नैठी और कंडौर गांव के बीच करीब एक किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार रात करीब तीन बजे आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब भरभराकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि मजदूर उसी हिस्से में सो रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई। अधिकारियों के मुताबिक तीन घायल मजदूर पिलर के पास फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। मृतक बांदा और हमीरपुर जनपद के निवासी बताए गए हैं।
यह पुल राज्यसभा सांसद Baburam Nishad के प्रयासों से स्वीकृत हुआ था और उनके गांव मोराकांदर परसनी के पास इसका निर्माण कराया जा रहा था।
हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

