अंडर-19 विश्व कप: बारिश के बीच भारत का दमदार प्रदर्शन, बांग्लादेश को 18 रन से हराया

बुलवायो, स्पोर्ट्स न्यूज़। अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए बांग्लादेश को 18 रन से मात दी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत को इस जीत का आधार अभिज्ञान कुंडू और वैभव सूर्यवंशी की अर्धशतकीय पारियां तथा गेंदबाज विहान मल्होत्रा का चार विकेट का बेहतरीन प्रदर्शन बना।
शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 48.4 ओवर में 238 रन बनाए। अभिज्ञान कुंडू ने 80 रनों की सधी हुई पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में 72 रन जोड़े। इनके अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। कनिष्क चौहान ने 28 रन बनाए, जबकि दीपेश देवेंद्रन 11 रन ही जोड़ सके। हेनिल पटेल सात रन बनाकर नाबाद रहे।
बांग्लादेश की ओर से अल फहाद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने पांच विकेट झटके। वहीं, इकबाल हुसैन इमोन और हकीम तमीम को दो-दो सफलता मिली।
बारिश के कारण मैच में खलल पड़ा, जिसके बाद डीएलएस प्रणाली के तहत बांग्लादेश को 29 ओवर में 165 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम 28.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। कप्तान अजिजुल हकीम ने 51 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
भारत की गेंदबाजी में विहान मल्होत्रा ने चार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। खिलान पटेल को दो विकेट मिले, जबकि दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।
इस जीत के साथ भारतीय अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी को और पुख्ता कर लिया है, जबकि बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत का संतुलित प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ।

