वाराणसी में युवक ने की आत्महत्या, 30 अप्रैल को होनी थी शादी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसहीं इलाके में किराए के कमरे में रह रहे 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुलदीप कुमार के रूप में हुई है, जो आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी 30 अप्रैल को गाजीपुर में तय थी।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप पिछले कई वर्षों से वाराणसी में रहकर नेटवर्किंग का काम कर रहा था और बीते छह महीने से चांदमारी इलाके में एक मकान में किराए पर रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे मकान मालिक ने उसे कमरे में पंखे से लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और शव को नीचे उतरवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की सूचना दी।
मृतक के पिता, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, वाराणसी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए आजमगढ़ ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि कुलदीप अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

