करंट से तीन मौतों के बाद अजय राय ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, विद्युत व्यवस्था पर उठाए सवाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शहर में अलग-अलग घटनाओं में करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए वाराणसी की विद्युत व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पर करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय त्रिलोकी मोदनवाल की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद अजय राय उनके घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन कांग्रेस पार्टी दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
वहीं, सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा (काजीपुर खुर्द) में बारावफात की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनस की मौत हो गई। बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी जान चली गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। अजय राय ने दोनों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
अजय राय ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं वाराणसी की विद्युत व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वाराणसी को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे करती है, लेकिन यदि खुले या असुरक्षित विद्युत तारों के कारण लोगों की जान जा रही है तो नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री वाराणसी के सांसद हैं। ऐसे में शहर की बुनियादी विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने जर्जर तारों, खुले कनेक्शनों और असुरक्षित बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।
कांग्रेस ने हादसों की निष्पक्ष जांच, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही शहर में विद्युत तारों, पोलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की व्यापक जांच कराने की मांग की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, प्रिंस राय, रोहित दुबे, विश्वनाथ कुंवर, मनोज यादव समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

