काशी विश्वनाथ धाम में ‘स्पर्श दर्शन’ के नाम पर ठगी करने वाले 25 दलाल गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्पर्श दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले दलालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को विशेष अभियान चलाकर चौक और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से कुल 25 दलालों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में वाराणसी पुलिस ने नए रंगरूटों और महिला सिपाहियों की मदद ली, ताकि दलाल उन्हें पहचान न सकें।
जानकारी के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क स्पर्श दर्शन की व्यवस्था है। लेकिन कुछ दलाल दर्शन कराने के नाम पर भक्तों से पैसे वसूल रहे थे और सुगम दर्शन का झांसा देकर ठगी कर रहे थे।
दशाश्वमेध सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की। रविवार भोर में नए पुलिस रंगरूटों और महिला सिपाहियों को श्रद्धालु बनाकर मंदिर के गेट नंबर-4 पर तैनात किया गया।जैसे ही दलालों ने उनसे स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर पैसे मांगने शुरू किए, पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। इस अभियान में चौक थाना क्षेत्र से 22 और दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसीपी ने बताया कि इससे पहले भी इस तरह की शिकायतों पर कई गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए मंदिर परिसर, नंदी चौक और मैदागिन क्षेत्र में दलालों से सावधान रहने संबंधी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर दिए गए नंबरों के जरिए श्रद्धालुओं ने कई बार दलालों की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर को दलालों से मुक्त रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

