नाला सफाई में लापरवाही पर ठेकेदार पर 25 हजार का जुर्माना, जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महमूरगंज क्षेत्र में नाला सफाई के दौरान बरती जा रही घोर लापरवाही को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गंभीरता से लिया है। मौके पर सिल्ट (कीचड़) जमा होने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था मेसर्स समर्थ इंटरप्राइजेज पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है, साथ ही निगरानी में विफल रहने और लापरवाही बरतने के आरोप में क्षेत्रीय अवर अभियंता (जेई) पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है । उन्होंने यह कार्रवाई सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण के दौरान की ।
निरीक्षण के दौरान डॉ. ऊषा गुप्ता हॉस्पिटल मार्ग और कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों पर नाला सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। सफाई के बाद निकली सिल्ट को सड़क पर ही छोड़ दिया गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कहा कि भीषण गर्मी में सिल्ट सूखने के बाद धूल बनकर उड़ती है और दोबारा नालों में गिरकर उन्हें चोक कर देती है।
नियमों के मुताबिक, सिल्ट को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर और तिरपाल से ढककर तुरंत निर्धारित स्थल पर निस्तारित किया जाना चाहिए था, लेकिन मौके पर इसका पूरी तरह अभाव दिखा। वहीं निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कई दुकानदारों और भवन स्वामियों ने नालों के ऊपर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे सफाई कार्य में बाधा आ रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने जोनल स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया है। उन्होंने ऐसे सभी अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर तत्काल चेतावनी दी । यदि इसके बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त ने कहाकि नालों के अतिक्रमण मुक्त होने से न केवल जल निकासी बेहतर होगी, बल्कि सड़कों पर यातायात भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित नाला सफाई वेंडर और सफाई निरीक्षक मौके पर उपस्थित रहे।

