अहमदाबाद में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आग लगने से 8 की मौत, 15 घायल

अहमदाबाद, जनमुख न्यूज़। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने के बाद हुए विस्फोट में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, रामोल-गात्राड रोड स्थित मेहमदपुरा क्षेत्र की टैलेंट पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग फैलने के बाद फैक्टरी में रखे विस्फोटक पदार्थों में लगातार धमाके होने लगे। हादसे के बाद उठे धुएं का गुबार कई सौ मीटर ऊंचाई तक दिखाई दिया, जिसे दूर-दराज के इलाकों से भी देखा गया।जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने बताया कि हादसे के समय फैक्टरी में करीब 15 लोग काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के फैक्टरी कैसे संचालित हो रही थी और सुरक्षा मानकों के पालन में कहां लापरवाही बरती गई।
घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

