बांग्लादेशी निकला सैफ का हमलावर, पुलिस का बड़ा खुलासा

मुंबई, जनमुख न्यूज़। तीन दिनों की गहन तलाश के बाद, मुंबई पुलिस ने शनिवार देर रात अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले हमलावर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। हमलावर ठाणे की झाड़ियों में छिपा हुआ था। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय रेस्तरां में वेटर के तौर पर काम कर रहा था। मुंबई पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि आरोपी विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास सहित कई नामों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपा रहा था।
आज मुंबई पुलिस के जोन 9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ’16 जनवरी को रात 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर पर हमला हुआ। बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था। हमें संदेह है कि वो बांग्लादेशी मूल का है। उसके पास वैध भारतीय दस्तावेज नहीं हैं।’ DCP दीक्षित गेडाम ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया आरोपी बांग्लादेशी है और अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था। अभी उसने अपना वर्तमान नाम विजय दास रखा हुआ था। वो 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। आरोपी एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता था।’

