यूपी में फिर करवट लेगा मौसम, कल से बारिश और शीतलहर का अनुमान

लखनऊ, जनमुख न्यूज। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अभी भी घना कोहरा और शीतलहर चल रही है। लेकिन वाराणसी समेत कई जिलों मौसम में मौसम साफ हो गया है, दिन में खिल कर धूप भी निकल रही है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान मेंं बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान व्यक्त किया है जिसके अनुसार २२ जनवरी से पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं ५० जिलों में शीतलहर भी चलेगी। दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार-नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर मौसम पलटेगा। २२ व २३ जनवरी को बारिश की संभावना है। उत्तरी पछुआ हवाओं के असर से रात में गलन बरकरार रहेगी। नए पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के पूर्वी जिलों में अधिक प्रभावी नहीं होगा।
लखनऊ में सोमवार सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान २६.६ डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे ३ साल का रिकॉर्ड टूट गया। अधिकतम तापमान में ५.६ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान ३.७ डिग्री बढ़कर ११.५ डिग्री सेल्सियस रहा।

