श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास को ब्रेन हेमरेज

अयोध्या, जनमुख न्यूज। राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास को रविवार २ फरवरी की शाम अचानक ब्रेन हेमरेज का अटैक आया। जिसके बाद उन्हें लखनऊ अस्पताल रेफर किया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जाता है कि २ फरवरी की शाम लगभग ७ बजे आचार्य सत्येंद्र दास का ब्लड प्रेशर अचानक से बहुत बढ़ गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ी। तुरंत उन्हें अयोध्या के श्री राम अस्पताल ले जाया गया, जहां पर प्रारंभिक उपचार किया गया। बाद में, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें लखनऊ के सिटी न्यूरो केयर अस्पताल रेफर किया गया, ताकि उनका इलाज बेहतर तरीके से किया जा सके।
लखनऊ में सीटी स्कैन करवाने के बाद डॉक्टरों ने पाया कि आचार्य सत्येंद्र दास के दिमाग में १७ जगह ब्लड क्लॉटिंग हो चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि वे गंभीर ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर नहीं है और डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखे हुए है। डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
आचार्य सत्येंद्र दास का जीवन रामलला की पूजा-अर्चना में समर्पित रहा है। वे १९९२ से श्रीराम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी रहे हैं। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद, उन्होंने ही टेंट में रामलला की पूजा-अर्चना की थी। उनके समर्पण की कहानी आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। जब २०२० में अस्थायी मंदिर में रामलला की मूर्तियों की स्थापना की गई, तब भी वे मुख्य पुजारी बने थे।
आचार्य सत्येंद्र दास की तबीयत अक्टूबर २०२४ में भी खराब हुई थी, जब उन्हें न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के संकेत मिले थे। उस समय उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि, इलाज के बाद वे ठीक हो गए थे। अब एक बार फिर ब्रेन हेमरेज के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई है।

