मौसम ने फिर ली करवट, कई जिलों में हुई बारिश, कई जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट

लखनऊ, जनमुख न्यूज। देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव ठंड की फिर वापसी हुई है। कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी तो दिल्ली और आस-पास के एरिया में बारिस से तापमान गिरावट दर्ज की गयी है। इसके साथ-साथ यूपी में मौसम ने करवट ली है। जिसके चलते शुक्रवार को कई जिलों में बारिश हुई है तो कई जिलों में बारिश का अलर्ट है।
शुक्रवार सुबह सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में जोरदार बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। जबकि राजधानी लखनऊ समेत करीब १० जिलों में बादल छाए हैं। कई जिलों में ३० से ४० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ गई है।
ऊधर मौसम विभाग ने ३५ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, ११ जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। गुरुवार की बात करें तो झांसी सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान ३५ डिग्री दर्ज किया गया। अयोध्या, बुलंदशहर और लखीमपुर खीरी सबसे ठंडे शहर रहे, जहां न्यूनतम तापमान १५ डिग्री रहा।
कृषि विशेषज्ञों ने बताया है कि अब कई फसल तैयार होने को है। अगर तेज आंधी और बारिश होती है तो फसलों को नुकसान होगा। लेकिन हल्की बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। इससे खेतों में नमी आएगी। बारिश मार्च तक पकने वाली फसलों के लिए नया जीवनदान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले ५ दिनों तक बादल छाए रहेंगे।

