आजमगढ़: बहुभोज में गया किशोर अगली सुबह मृत मिला, चाकू से हत्या का आरोप

आजमगढ़, जनमुख न्यूज़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में शुक्रवार सुबह एक किशोर का शव ईंट-भट्ठे के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय फहद के रूप में हुई है, जो गुरुवार रात गांव में आयोजित बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था और रातभर लौटकर नहीं आया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कप्तानगंज थाने में दर्ज कराई। इसके दो घंटे बाद दोपहर 12 बजे गांव के लोगों ने भट्ठे के पास उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस टीम के साथ एसपी सिटी शैलेंद्र लाल और फॉरेंसिक विशेषज्ञ पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों का आरोप है कि फहद की चाकू मारकर हत्या की गई है। उसके हाथ ब्राउन टी-शर्ट से बंधे थे और गले, पेट तथा हाथ पर धारदार हथियार के घाव थे। शरीर पर कई अन्य चोटों के भी निशान पाए गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

