प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

प्रयागराज, जनमुख न्यूज़। बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर चौकी अंतर्गत केशवपुर कुसुआ गांव में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, बुधवार को गांव के ही रहने वाले एक युवक और तीन अन्य बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे। इसी दौरान चारों तालाब में चले गए और गहराई में डूब गए। मृतकों की उम्र 10 से 19 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े मिलने से आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते वे अचानक पानी में उतर गए होंगे।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रतीक सोनकर (12) पुत्र प्रदीप सोनकर, प्रिंस सोनकर (10) पुत्र प्रदीप सोनकर, करण सोनकर (19) पुत्र राजेश सोनकर और प्रियांशु सोनकर (11) पुत्र स्वर्गीय संदीप सोनकर के रूप में हुई है।चार बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सल्लाहपुर पुलिस चौकी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। मृतकों के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है, जिसके चलते पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

