कोडीन कफ सिरप तस्करी पर सख्ती: गाजीपुर में पांच फरार आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम

गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। जिले में कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के बड़े मामले में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने इस प्रकरण में फरार चल रहे पांच आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही पुलिस आरोपियों की संपत्तियों का ब्यौरा खंगालने में जुट गई है, जिसके लिए विभिन्न विभागों से सहयोग लिया जा रहा है।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि जिले में करोड़ों रुपये के कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। इस मामले में बीते नवंबर माह में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तभी से पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) मामले की गहन जांच कर रही है।तीन जनवरी को पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी से बच रहे पांच आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। इस मामले में अब तक एक आरोपी सर्वांश वर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश लगातार जारी है।
गौरतलब है कि 23 नवंबर को औषधि निरीक्षक ब्रजेश मौर्य ने कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त को लेकर छह मेडिकल फर्मों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान एसआईटी ने मेसर्स शुभम फार्मा, खानपुर के संचालक नीरज श्रीवास्तव के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। इसके साथ ही आव्रजन और सीमा नियंत्रण एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है।

