वाराणसी में कोचिंग संचालक पर छात्रा से छेड़छाड़ और वीडियो बनाकर धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने कोचिंग संचालक पर छेड़छाड़, मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता का आरोप है कि वह दौलतपुर, पहाड़िया स्थित कोचिंग में पढ़ने जाती थी, जहां संचालक अमित कुमार उसे पहले दिन से ही परेशान करने लगा। छात्रा के मुताबिक आरोपी कोचिंग के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ करता था और विरोध करने पर मारपीट भी करता था।छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर कई बार उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। बदनामी के डर से उसने कोचिंग जाना बंद कर दिया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी रास्ते में रोककर उसे परेशान करने लगा और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे लगातार धमका रहा है कि वह दोबारा उसकी कोचिंग में पढ़ने आए, अन्यथा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इससे डरकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।इस मामले में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(2) और 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

