धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर वाराणसी कांग्रेस ने मनाया जश्न, शहीद छात्रों को दी श्रद्धांजलि

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार शाम वाराणसी में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने लहुराबीर स्थित आज़ाद पार्क में कार्यक्रम आयोजित कर इसे लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के संघर्ष की जीत बताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर नीट, सीबीएसई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित और जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि देशभर के छात्रों ने लंबे समय तक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर संघर्ष किया। उनका आरोप था कि छात्रों की मांगें सुनने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई की गई, लेकिन लगातार जनदबाव के चलते केंद्र सरकार को आखिरकार शिक्षा मंत्री का इस्तीफा स्वीकार करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति की हार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और छात्रों की आवाज़ की जीत है। कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में यह पहला कदम है और जब तक परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनती तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट, सीबीएसई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, संविधान की रक्षा और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-युवा, महिला कांग्रेस की सदस्याएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

