श्रावण में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुगम और सुरक्षित होगी यात्रा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पावन श्रावण मास के आगमन के साथ ही काशी शिवभक्ति के रंग में रँगने के लिए पूरी तरह तैयार है। बाबा विश्वनाथ की इस पवित्र नगरी में देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए शासन व प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी पावन पर्व की गरिमा और काशी के निरंतर हो रहे कायाकल्प को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री तथा वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में शनिवार को सिगरा स्थित महापौर अशोक कुमार तिवारी के आवास पर एक महत्वपूर्ण कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के ढांचागत विकास, आगामी पर्वों की तैयारियों और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान 29 जुलाई को संत रविदास मंदिर (सीर गोवर्धन) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, सफाई अभियान, शुद्ध पेयजल, निर्वाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था पर मंथन हुआ। साथ ही, वाराणसी में स्वीकृत नवीन गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर और अमृत 2.0 के अंतर्गत जारी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया सहित जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त और वीडीए उपाध्यक्ष आदि वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। तत्पश्चात् प्रदेश के वित्त एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रामनगर पहुंचे। उन्होंने वहां पर लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था उसके बाद एक मलिन बस्ती और बैंक ऑफ़ बड़ौदा के पास गलियों में मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रभारी मंत्री ने संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पर जनसुनवाई की। इस उनके साथ महापौर अशोक तिवारी, विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल और संसदीय जनसंपर्क कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक भी रहे। प्रभारी मंत्री ने संत रविदास जन्म स्थल पर बनाए जा रहे म्यूजियम और सभा स्थल की तैयारी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भी साथ में विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, विधायक रोहनिया सुनील पटेल, विधायक अजगरा त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य आदि लोग रहे। तत्पश्चात् मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विकास खण्ड काशीविद्यापीठ में आयोजित जन संवाद एवम् लाभार्थी तक लाभ वितरण कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया गया।
मंत्री द्वारा विकास खण्ड में विभिन्न योजनाओं द्वारा लगाये गये स्टालों का निरीक्षण किया गया तथा गर्भवती महिला की गोद भराई एवम् बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया गया। उन्होंने वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत पौधरोपण भी किया तथा विकास खण्ड और जनपद स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी की।

