गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान के समर्थन में काशी में शंखनाद, अस्सी घाट पर गंगा पूजन कर जताया समर्थन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती (ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य) ने बुधवार को लखनऊ में गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान का शंखनाद किया। उनके समर्थन में वाराणसी के अस्सी घाट पर शिष्यों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर गंगा पूजन किया और आंदोलन की सफलता की कामना की।
इस दौरान शंकराचार्य के शिष्य संजय ने कहा कि देश में खुद को हिंदू हितैषी बताने वाली सरकार होने के बावजूद गौहत्या की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत भूमि पर गौ माता का रक्त न गिरे, इसके लिए शंकराचार्य ने बड़ा जन आंदोलन शुरू किया है। इसी उद्देश्य से लखनऊ से इस अभियान का शंखनाद किया गया है और काशी में भी समर्थक एकत्र होकर इसकी सफलता के लिए मां गंगा से प्रार्थना कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस पदाधिकारी राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शंकराचार्य के समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि अजय राय के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ में भी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य के कार्यक्रम को विभिन्न नियमों का हवाला देकर रोकने का प्रयास कर रही है, जो उचित नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान अस्सी घाट पर मौजूद लोगों ने गंगा पूजन कर अभियान की सफलता और देश में गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण की कामना की।

