यूपी में सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ: 15–16 मार्च को तेज हवाएं, बारिश और कुछ जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए प्रदेश के तराई और पश्चिमी क्षेत्रों के करीब 26 जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को तराई और पश्चिमी जिलों में बारिश के साथ बादलों की सक्रियता बढ़ेगी, जबकि मध्य क्षेत्रों में तेज हवा और बादल छाए रहने का अनुमान है।
पूर्वी तराई के कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत छह जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। इस विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों के लगभग 35 जिलों में गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 15 और 16 मार्च को तराई और पूर्वांचल में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं। इसके प्रभाव से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि 19 मार्च के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के मौसम पर व्यापक असर पड़ेगा।
इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ता दिखा। बांदा में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी में 36.9 डिग्री और प्रयागराज व उरई में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, बरेली और आसपास के इलाकों में भी मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

