सोनभद्र में 12 वर्षीय बच्चे की हत्या का खुलासा: जादू-टोना के शक और पुरानी रंजिश में आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र, जनमुख न्यूज़। जिले के रामगढ़ कस्बा, पन्नूगंज थाना क्षेत्र, सोनभद्र में 12 वर्षीय आर्यन गुप्ता की गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में पुरानी रंजिश और जादू-टोना के शक में हत्या की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि मामले में अदालत में मजबूत पैरवी कराकर आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।जानकारी के अनुसार रामगढ़ कस्बा निवासी राजू गुप्ता की मिट्टी के बर्तनों की दुकान है। शनिवार रात उनका बेटा आर्यन गुप्ता अपने एक दोस्त के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के समय साथ मौजूद बच्चे ने भागकर परिजनों को सूचना दी।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। देर रात करीब 12 बजे एसपी अभिषेक वर्मा, एएसपी अनिल कुमार और भूपेश चौबे (सदर विधायक) के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त हुआ।मामले के खुलासे के लिए पन्नूगंज थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। पुलिस टीम ने रात करीब एक बजे पकरहट नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी दिवाकर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से बातचीत में एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि आर्यन के परिवार और उसके घरवालों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उसे यह भी शक था कि आर्यन की मां ने उसके परिवार पर जादू-टोना कर दिया है, जिससे उसका परिवार परेशान रहता है।पुलिस के मुताबिक करीब 15 साल पहले उसके बड़े भाई की जलने से मौत हुई थी, जिसका शक भी वह आर्यन के परिवार पर करता था। इसी द्वेष के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

