छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा, बॉयलर विस्फोट से 13 की मौत, कई घायल

रायपुर, जनमुख न्यूज़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। बॉयलर की पाइपलाइन से अत्यधिक गर्म भाप निकलने और विस्फोट के चलते कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर झुलसकर घायल हो गए।घटना दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुई, जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक हुए विस्फोट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ घायलों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान कई लोगों की मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, वेंटिलेटर फुल होने के कारण कुछ घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।सक्ती नगर निगम के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है, जबकि फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें भी राहत कार्य में लगी हैं।हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।इस घटना पर Vishnu Deo Sai ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

