वाराणसी दौरे पर CM योगी: कालभैरव-काशी विश्वनाथ के दर्शन, BLW में PM कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।
दर्शन के दौरान एक मानवीय तस्वीर भी सामने आई, जब कालभैरव मंदिर परिसर में माला-फूल बेचने वाले की दुकान पर बैठी छोटी बच्ची को मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक दुलार किया। साथ ही उसकी बड़ी बहन से भी बातचीत कर पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और आशीर्वाद दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) पहुंचकर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण और बैठक के दौरान कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मंत्री, विधायक, मंडलायुक्त, पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी शामिल थे।



