शादी से लौटते परिवार पर कहर: स्कॉर्पियो-ट्रेलर टक्कर में 5 की मौत, झपकी बनी हादसे की वजह

मऊ, जनमुख न्यूज़। शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा रहे ट्रेलर से भिड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में झारखंड के रांची गए थे। शादी के बाद वे अपनी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58) और बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। वाहन को बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम (47) चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश (46) भी साथ में मौजूद था। परिवार के साथ उनका पालतू कुत्ता भी गाड़ी में था।
रात करीब 2:30 बजे कुसुम्हा बशारतपुर के पास शारदा सहायक नहर कॉलोनी के सामने चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर सुबह पांच बजे सभी शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। इस हादसे से मृतकों के गांव में शोक की लहर है।

