अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: “महंगाई-बेरोजगारी चरम पर, सरकार हर मोर्चे पर फेल”

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रही है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है, जिससे भाजपा घबराई हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अराजकता फैलाने की राजनीति कर रही है और भ्रष्टाचार व बेईमानी में ही उसे महारत हासिल है।
सपा अध्यक्ष ने स्मार्ट मीटर और ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब स्मार्ट मीटर के जरिए जनता की जेब पर असर पड़ सकता है, तो ईवीएम की निष्पक्षता पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

