बंगाल में फिर मतदान: फलता विधानसभा के 285 बूथों पर 21 मई को री-पोल, 24 मई को होगी काउंटिंग

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत बड़ा फैसला लेते हुए दक्षिण 24 परगना जिले की 144-फलता विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों (सहायक बूथों सहित) पर पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। यह मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 24 मई को होगी।
आयोग ने यह कदम 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान सामने आए गंभीर चुनावी उल्लंघनों और अपराधों को देखते हुए उठाया है। चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है, जिससे मतदाताओं का भरोसा बहाल किया जा सके।इस फैसले के बाद अब 4 मई को राज्य की 294 में से केवल 293 विधानसभा सीटों की ही मतगणना होगी। एक सीट को अलग रखकर बाकी नतीजे घोषित किए जाने का यह फैसला राजनीतिक दृष्टि से असाधारण माना जा रहा है।
इससे पहले भी आयोग ने 1 मई को दक्षिण 24 परगना के ही डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। इन बूथों पर हुए मतदान में शाम 5 बजे तक लगभग 90% से अधिक वोटिंग दर्ज की गई।
चुनाव आयोग के इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल जहां चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं सत्तारूढ़ दल आयोग के अगले कदमों पर नजर बनाए हुए है।

