फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 53 लाख की ठगी, वाराणसी में 9 लोगों पर मुकदमा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चितईपुर थाना क्षेत्र में एफ लाउंज बाय फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करीब 53 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक विश्वकर्मा नगर कॉलोनी निवासी और रघुकुल कृपा हॉस्पिलिटी के डायरेक्टर अभिलाष नारायण सिंह ने आरोप लगाया है कि कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यंत सिंह, रुपमणि सिंह, आसिफ अली उर्फ अब्बास दीवानी, रोहित खन्ना, कार्तिक, डाली सोनी और हर्षत कोली ने उन्हें बड़े कारोबारी निवेश का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया।
शिकायत के अनुसार अगस्त 2021 में डाली सोनी और दुष्यंत सिंह ने उन्हें मुंबई बुलाया, जहां वीडियो कॉल के जरिए उनकी बातचीत कासिफ खान से कराई गई। आरोप है कि कासिफ खान ने खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनी से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए एफ लाउंज बाय फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अभिलाष नारायण सिंह ने निवेश के लिए सहमति दे दी।पीड़ित का कहना है कि अलग-अलग चरणों में उनसे कुल 52 लाख 99 हजार 500 रुपये लिए गए। आरोपियों ने रकम लेने के बाद लगातार आश्वासन दिया, लेकिन न तो फ्रेंचाइजी उपलब्ध कराई गई और न ही पैसा लौटाया गया। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और धीरे-धीरे संपर्क भी कम कर दिया।
मामले में पीड़ित की तहरीर पर वाराणसी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। लेनदेन और आरोपियों की भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

