एल्विश यादव को 10 करोड़ की रंगदारी की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर मांगी फिरौती

गुरुग्राम, जनमुख न्यूज़। एल्विश यादव को 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक यह धमकी एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से दी गई, जिसमें आरोपी ने खुद को रणदीप मलिक बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया।
परिवार की शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि रकम न देने पर दो दिन के भीतर गोली मारने की धमकी दी गई।एल्विश यादव ने पुलिस को बताया कि 5 मई को उन्हें एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया था, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। इसके बाद उसी नंबर से उन्हें धमकी भरा मैसेज भेजा गया। संदेश में आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का करीबी बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की। यही धमकी भरा संदेश उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार केस को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है और कॉल व मैसेज के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।बताया जा रहा है कि एल्विश यादव इन दिनों गुरुग्राम से बाहर एक शो की शूटिंग में व्यस्त हैं। वह साल 2023 में बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता बने थे और सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता रखते हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल उनके सेक्टर-56 स्थित घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस मामले में बाद में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

