पीएम मोदी पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा से माफी की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लेते हुए समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की और सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “अखिलेश यादव शर्म करो”, “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “सपा सांसद माफी मांगो” जैसे नारे लिखे हुए थे।
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विनीता सिंह, महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल, मंडल अध्यक्ष सीमा यादव, सरिका गुप्ता, ममता पटेल, मुमताज बानो और पिंकी श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने सांसद की टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा ने यह भी कहा कि इस प्रकार के बयान समाज में नकारात्मक माहौल पैदा करते हैं और राजनीतिक संवाद की गरिमा को नुकसान पहुंचाते हैं।

