यूपी में जल्द होगी 21,508 शिक्षकों और अनुदेशकों की भर्ती, सीएम योगी ने किया ऐलान

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जल्द ही 21,508 शिक्षकों और अनुदेशकों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इससे विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात बेहतर होगा और बेसिक शिक्षा परिषद की कायाकल्प योजना को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री लोकभवन सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भर्ती में 11,508 शिक्षक और 10,000 अनुदेशक शामिल होंगे। इसके लिए अधियाचन भेजा जा चुका है और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नई नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2011-12 में अंशकालिक अनुदेशकों की नियुक्ति सात हजार रुपये मासिक मानदेय पर शुरू हुई थी, लेकिन लंबे समय तक इसमें बढ़ोतरी नहीं हुई। वर्ष 2022 में दो हजार रुपये की वृद्धि की गई थी, जबकि अब सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। इसके साथ ही अनुदेशकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है।उन्होंने सभी अनुदेशकों से बेसिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर जल्द पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि आगामी समारोह में उन्हें स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2019 में महिला अनुदेशकों को पूर्ण मानदेय सहित छह महीने का मातृत्व अवकाश दिया था, जबकि 2023 में स्वैच्छिक विद्यालय परिवर्तन की सुविधा भी शुरू की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में बेसिक विद्यालयों की स्थिति बेहद खराब थी। कई विद्यालयों में छात्र संख्या कम होने के कारण अनुदेशकों की सेवाएं समाप्त करने तक के प्रस्ताव आए थे, लेकिन सरकार ने उन्हें अस्वीकार कर ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ शुरू किया। इसके परिणामस्वरूप आज 96 प्रतिशत बेसिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और ड्रॉपआउट दर 17-18 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है।

