महुली चौराहे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से दंपती की मौत, दो मासूम बच्चे बाल-बाल बचे

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित महुली चौराहे के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। राखड़ लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए। हादसे में बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे छिटककर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सरिया निवासी गौतम (35) पुत्र दुख्खु अपनी पत्नी फूला देवी (29), बेटी ममता और बेटे गुलशन के साथ लालपुर अधवार में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार सुबह पूरा परिवार बाइक से वापस घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही गौतम महुली चौराहे पर सड़क पार करने लगे, तभी सोनभद्र से वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौतम और उनकी पत्नी सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं बाइक पर पीछे बैठे दोनों बच्चे सड़क किनारे जा गिरे। माता-पिता के शव देखकर बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। यह मार्मिक दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक परिवार में शोक का माहौल है।

