पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की, जबकि महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आंदोलन का नेतृत्व किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, छात्रों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों पर लगातार टैक्स बढ़ाकर सरकार आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिल रही।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का आम नागरिक पहले से ही बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन में सजीव सिंह, सतनाम सिंह, राजू गौतम, अशोक सिंह, गिरीश पांडेय, राजीव राम, दिलीप चौबे, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, अनुराधा यादव, हसन मेहदी कब्बन, खालिद सिद्दीकी, पूनम विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

