केरल में UDF सरकार की वापसी: वी.डी. सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, 60 साल बाद पूरी कैबिनेट ने साथ संभाली जिम्मेदारी

तिरुवंतपुरम, जजनमुख न्यूज़। केरल में सोमवार को नए राजनीतिक दौर की शुरुआत हुई, जब कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने सत्ता संभाल ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सतीशन और उनकी 20 सदस्यीय मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा सिद्धारमैया, डी.के. शिवकुमार, रेवंत रेड्डी और सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी समारोह में शामिल हुए।
इस शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री के साथ पूरी 20 सदस्यीय कैबिनेट ने एक साथ शपथ ली। केरल के संसदीय इतिहास में लगभग छह दशक बाद ऐसा हुआ है, जब मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल एक ही मंच से सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण कर रहा हो।
नए मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि दो महिला और दो अनुसूचित जनजाति वर्ग के विधायकों को भी मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस नेताओं रमेश चेन्निथला, सनी जोसेफ और के. मुरलीधरन ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
2026 विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने 22 सीटें जीतीं। वहीं, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) 35 सीटों तक सिमट गया और भाजपा को तीन सीटों पर सफलता मिली।

