भारत और फ्रांस की नौसेनाओं ने युद्धाभ्यास किया

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज।भारत और फ्रांस की नौसेनाओं ने समुद्री क्षेत्र में अपने साझा रणनीतिक हितों को ध्यान में रखते हुए भूमध्य सागर में एक व्यापक युद्धाभ्यास किया। भारतीय नौसेना ने कहा कि भारतीय नौसैनिक जहाज ‘तबर’ और लंबी दूरी के समुद्री निगरानी विमान पी-८आई ने २२वें ‘वरुण’ अभ्यास में भाग लिया। यह अभ्यास दो से चार सितम्बर तक चला।फ्रांस पक्ष का प्रतिनिधित्व अग्रिम पंक्ति के जहाज एफएस प्रोवेंस पनडुब्बी फ्रांस, लड़ाकू विमान एमबी३३९ और हेलीकॉप्टर एनएच९० डॉफिन ने किया। नौसेना ने कहा कि अभ्यास के दौरान उन्नत नौसैनिक अभियानों की एक श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें उन्नत सामरिक युद्धाभ्यास, उन्नत पनडुब्बी रोधी युद्ध अभ्यास और वायु रक्षा अभ्यास शामिल थे।इसने कहा कि २००१ में शुरू हुआ द्विपक्षीय अभ्यास वरुण भारत-फ्रांस नौसैनिक संबंधों की रीढ़ है। नौसेना ने एक बयान में कहा भूमध्यसागर में ‘वरुण’ के २२वें संस्करण का आयोजन भारत और फ्रांस के बीच समुद्री गतिविधियों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

