वाराणसी में परचून दुकानदार को गोली मारने से सनसनी, मामूली विवाद के बाद फायरिंग; बुजुर्ग घायल

वाराणसी (चौबेपुर), जनमुख न्यूज़। थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने परचून दुकानदार पर गोली चला दी, जिससे बुजुर्ग दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, लूठा खुर्द निवासी लल्लू गुप्ता (78) गांव में परचून की दुकान चलाते हैं। गुरुवार सुबह उनकी दुकान पर एक युवक सामान खरीदने पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवक ने अपने पास मौजूद तमंचे से दुकानदार पर फायर कर दिया।गोली लल्लू गुप्ता की बाईं बांह को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।ग्रामीणों ने तत्काल घायल दुकानदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। घायल का इलाज जारी है और तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

