तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबकर मौत, NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर गुरुवार तड़के गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान मिर्जापुर जनपद के कछवां निवासी शिवशंकर सिंह (32 वर्ष) पुत्र अनिल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवशंकर अपने दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आया था। भोर में वह तुलसी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर लापता हो गया।
युवक के साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंगा में खोजबीन शुरू की।
एनडीआरएफ के जवानों ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब आठ बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी।
बताया जा रहा है कि शिवशंकर सिंह अस्सी क्षेत्र स्थित वैष्णवी ग्रैंड होटल में कार्यरत था। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

