वाराणसी में बड़ा हादसा टला: ट्रैक्टर से निकला लोहे का सरिया कार में घुसा, बैंककर्मी बाल-बाल बचे

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। चौकाघाट से पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर वाराणसी ट्रेड सेंटर के सामने सरियों से लदे ट्रैक्टर से निकला लोहे का लंबा सरिया अचानक आगे चल रही कार में जा घुसा। हादसे में कार का पिछला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक सुरक्षित बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में लोहे के सरिए लदे हुए थे। अचानक ब्रेक लगने से सरियों का एक बंडल आगे की ओर खिसक गया और पीछे चल रही कार के पिछले शीशे को तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया। कार एचडीएफसी बैंक की लंका शाखा में कार्यरत एक कर्मचारी की बताई जा रही है। उस समय कार में चालक अकेला था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे सरियों को निकलवाया और सड़क पर बाधित यातायात को सामान्य कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
कैंट थाना पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे हैं। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों पर लदे सामान की सुरक्षित ढुलाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे वाहनों पर लदे सरियों और अन्य भारी सामान को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बांधना अनिवार्य है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

