वाराणसी में शादी समारोह के दौरान खूनी बवाल, मारपीट में पड़ोसी की मौत, दूल्हा-दुल्हन पुलिस हिरासत में

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शादी समारोह के दौरान खूनी बवाल, मारपीट में पड़ोसी की मौत, दूल्हा-दुल्हन पुलिस हिरासत मेंवाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की घटना में दूल्हे के पड़ोसी की मौत हो गई, जिससे विवाह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मरुई गांव निवासी हिमांशु राम की शादी मिर्जापुर के बगहा निवासी रेखा देवी के साथ हो रही थी। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित था। आरोप है कि जयमाल के समय से ही लड़की पक्ष के कुछ लोग मामूली बात को लेकर विवाद करने लगे। जयमाल के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान घर के बाहर सो रहे पड़ोसी बहादुर राम (52) शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद वह घर के पास घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने का निशान था।सूचना मिलने पर जक्खिनी चौकी पुलिस और राजातालाब थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। घायल बहादुर राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन बेटियां रंजना देवी, एजोरा देवी, ननका देवी और एक पुत्र किशन राम को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।थानाध्यक्ष दयाशंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कुछ लोग गोली लगने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर नुकीली वस्तु से वार का निशान मिला है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने एहतियातन दूल्हा और दुल्हन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

