राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर AAP का अनोखा प्रदर्शन, भिक्षाटन कर सरकार और ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को वाराणसी में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नई सड़क चौराहे के निकट आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर भिक्षाटन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। साथ ही वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर पारदर्शी और ईमानदार लोगों का नया ट्रस्ट गठित करने की मांग भी उठाई।
कैलाश पटेल ने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवान के नाम पर एकत्रित धन का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राम का नाम, चंदा नहीं” और “भगवान की लूट नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े चंदे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री बल मौके पर तैनात रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
AAP नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल वाराणसी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

