मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण पर कांग्रेस का विरोध, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महानगर कांग्रेस कमेटी ने जनपद के कई मतदान केंद्रों को उनके मौजूदा स्थानों से हटाकर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित बदलाव पर पुनर्विचार की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और बिना ठोस कारण वर्षों से संचालित मतदान केंद्रों को बदलना मतदाताओं के हित में नहीं होगा। उनका कहना था कि इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मतदान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जिससे मतदान प्रतिशत भी प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पुराने मतदान केंद्र यथावत बनाए जाएं। यदि किसी केंद्र का स्थानांतरण आवश्यक हो तो उसके पीछे का कारण सार्वजनिक किया जाए और अंतिम निर्णय लेने से पहले संबंधित क्षेत्र के नागरिकों एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की जाएं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। निर्वाचन प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिसमें प्रत्येक मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों में अनावश्यक बदलाव से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता भी प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की पक्षधर है तथा जिला निर्वाचन प्रशासन से अपेक्षा करती है कि वह केवल जनहित और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्णय ले। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी कर मतदान केंद्रों का स्थानांतरण किया गया तो कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से इस मुद्दे को उठाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अशोक सिंह, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अफसर खान, हिमांशु सिंह, विजय देवल, विनीत चौबे, दीप विश्वकर्मा, इकराम, रोहित मौर्य, चंद्रिका मौर्य, आनंद चौबे, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता, आजम अंसारी, घनश्याम यादव, राम लखन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

